जींद। ईंटल खुर्द गांव में माहौल खराब करने, पंचायत सदस्यों को धमकाने, अवैध असलहा रखने तथा घर में घुसकर हमला करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ईंटल खुर्द की पंचायत ने पुलिस को दी शिकायत मे बताया कि 24 अगस्त की रात में गांव के ही गोबिंद और उसके 15 दोस्तों ने डीजे पर अश्लीलता फैलाई। जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन पर हमला कर दिया। गांव के पंच विकास ने विरोध किया तो उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। पंचायत ने आरोप लगाया कि आरोपियों के पास अवैध असलहा हैं। आरोपी उनके साथ सोशल मीडिया पर वीडियो तथा फोटो अपलोड करते हैं। सदर थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत की शिकायत पर आरोपी गोबिंद, प्रमिंद्र, अमन को नामजद कर 15 अन्य के खिलाफ दहशत फैलाने तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर किया है।
आरोपियों ने घर में घुसकर किया हमला
ईंटल खुर्द निवासी विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पड़ोसी गोबिंद गली में 24 अगस्त को देर रात तक डीजे बजा रहा था, जिस पर युवक हुड़दंग कर रहे थे। उसने विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो उन पर भी पथराव किया। पुलिस के जाते ही आरोपी उनके घर में घुस गए और हमला कर दिया। उसे तथा उनके पिता को काफी चोटें आईं। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने गोबिंद, धोली, प्रमिंद्र, अमन, मक्खन, बाला, बरवाला निवासी विकास, सिवानी निवासी धर्मबीर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।