संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जींद-नरवाना नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप लगा रहे पिता-पुत्र पर लाठी, डंडों व कस्सी से हमला कर घायल कर दिया। घायलों ने मारपीट के आरोप उनके नजदीक उजाला फिलिंग स्टेशन के ही लोगों पर लगाया है। उचाना थाना पुलिस ने फि लहाल सात लोगों के खिलाफ हमला करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
खटकड़ गांव निवासी अनुराग ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके खेत जींद-नरवाना नेशनल हाइवे पर पड़ते हैं। वह अपने खेतों में पेट्रोल पंप लगा रहा है, जिसका निर्माण कार्य चला हुआ है। 23 जून शाम करीब साढ़े बजे उनके पेट्रोल पंप पर ब्लाक ईंटे लगाने के लिए रेता की गाड़ी मंगवाई थी। उस गाड़ी को वह और उसका पिता कुलदीप खाली करवा रहे थे। उसी समय उनके साथ लगते उजाला फि लिंग स्टेशन से राकेश, राजेश, धर्मबीर, दीपक, मोहित, सचिन और रणधीर हाथों में लाठी, डंडें, कस्सी लेकर उनके पेट्रोल पंप पर आ गए। उन्होंने आते ही उनको गाली देना शुरू कर दिया। जब उन्होंने विरोध किया तो कहा कि तुम्हे उनके पास पेट्रोल पंप लगाकर उनका कार्य कम करने की साजिश रची है। इसके बाद उक्त सभी ने उन पर लाठी-डंडों और कस्सी से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर मचाने पर सभी हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर हथियारों सहित भाग गए। सूचना देने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके पिता की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफ र कर दिया। उसे दाखिल कर उसका उपचार शुरू कर दिया।
जांच अधिकारी एचसी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने राकेश, राजेश, धर्मबीर, दीपक, मोहित, सचिन और रणधीर के खिलाफ हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।