संवाद न्यूज एजेंसी
अलेवा। एक कंपनी में रुपये लगाकर ज्यादा मुनाफा दिलवाने का झांसा देकर 10.80 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में अलेवा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने करनाल जिले के पोपड़ा गांव निवासी महाबीर, गंगाटेहड़ी निवासी रतन सिंह, करनाल निवासी नरेंद्र राठी, पानीपत के नंगला निवासी सिंटू व धर्मबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में अलेवा गांव निवासी सतीश ने बताया कि करनाल जिले के पोपड़ा गांव निवासी महाबीर, गंगाटेहड़ी निवासी रतन सिंह, करनाल निवासी नरेंद्र राठी, पानीपत के नंगला निवासी सिंटू व धर्मबीर ने अगस्त 2022 में उसके साथ संपर्क किया था। इस दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने स्टार मेकर कंपनी शुरू की है। इसमें आरोपियों ने ज्यादा मुनाफे का लालच दिया तो उन्होंने रुपये लगाने से मना कर दिया। इसके बाद फिर साजिशन आरोपियों ने अगस्त से सितंबर माह तक साजिशन रुपये लगाने के लिए फोन करते रहे। इसके बाद एक अक्तूबर को पोपड़ा निवासी महाबीर ने कहा कि इस कंपनी को वह खुद ही मिलकर चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी दीपावली पर रुपये लगाने वाले व्यक्ति को डाऊन पेमेंट पर कार दी जाएगी। इस लालच में उन्होंने पैसे लगाए। 24 अक्तूबर को दीपावली के दिन महाबीर व नरेंद्र राठी उसके घर से पांच लाख रुपये नकद ले गए। इसके अलावा दोनों ने कंपनी की स्कीम के तहत मोबाइल पर संदेश भेजा गया कि उसके रुपये बढक़र 20 लाख दस हजार हो गए। इस प्रकार षडयंत्र के तहत इन लोगों ने उससे दस लाख 80 हजार की राशि ले गए। जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। अलेवा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में डीएसपी उचाना संदीप कुमार की जांच के बाद पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।