सोमवार को चुनाव के दौरान उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र के गांव डूमरखां खुर्द व करसिंधु में हुए विवाद में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक शिकायत जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला ने डूमरखां खुर्द गांव के मतदान केंद्र पर जांच के दौरान उन पर हमला करने की दी है तो दूसरी शिकायत भाजपा के चुनाव एजेंट जगमिंद्र सिंह ने करसिंधु गांव में जेजेपी नेता विश्वीर की पत्नी के खिलाफ फर्जी मतदान की दी है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि भाजपा के चुनाव एजेंट जगमिंद्र सिंह ने उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचन अधिकारी दी शिकायत में कहा था कि गांव करसिंधु में बूथ नंबर 71 व 73 में जेजेपी के एजेंट मतदाताओं को धमका रहे हैं। उनके वोट खुद डाल रहे हैं। जगमिंद्र सिंह के अनुसार पीठासीन अधिकारी को बार-बार कहने के बावजूद वे उन्हें रोक नहीं पा रहे हैं। इस पर सहायक निर्वाचन अधिकारी को फोन पर भी सूचना दी गई थी। इसमें कहा गया है कि बूथ नंबर 71 पर विश्ववीर की पत्नी खुद महिलाओं के साथ अपने हाथों से मशीन का बटन दबा रही हैं और जेजेपी के वोट डाल रही हैै। इसका वीडियो भी सहायक निर्वाचन अधिकारी को भेजा गया है। इस पर पुलिस ने जनप्रतिनिधि अधीनियम के तहत विश्ववीर की पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विश्ववीर जेजेपी के युवा जिलाध्यक्ष हैं।
दूसरी ओर पुलिस ने जेजेपी प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला पर हमला करने के आरोप में भाजपा के चुनाव एजेंट सोहन को नामजद करते हुए अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जेजेपी के उचाना हलके चुनाव इंचार्ज जगदीश सिहाग की ओर निर्वाचन अधिकारी को भेजी शिकायत में कहा गया कि वे डूमरखां खुर्द स्थित स्कूल के मतदान केंद्र पर पहुंचे तो बूथ पर मतदान के लिए आई एक महिला ने बताया कि उसका वोट तो पहले ही डाल दिया गया है। उन्होंने मौके पर मौजूद पीठासीन अधिकारी से महिला के फर्जी वोट डालने बारे जांच कर महिला को उसके वोट डालने का अधिकार देने की बात कही। इस पर वहां बूथ एजेंट ने उन पर गिलास फेंक कर मारा। इसी दौरान कुछ अन्य लोगों ने हाथापाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे और उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी की शिकायत की जांच जारी
इस दौरान दुष्यंत चौटाला ने डीएसपी चंद्रपाल पर भी कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाते हुए चुनाव अधिकारियों को शिकायत दी थी। एसएसपी अश्विन शैणवी के अनुसार इस मामले की जांच की जा रही है।
दोनों मामलों में केस दर्ज
एक शिकायत दुष्यंत चौटाला द्वारा सोहन व अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए दी गई व दूसरी शिकायत भाजपा के चुनाव एजेंट द्वारा फर्जी मतदान को लेकर दी गई है। इस पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी बोले नहीं हुई एफआईआर
हालांकि एसएसपी अश्विन शैणवी डूमरखां खुर्द की घटना पर एफआईआर दर्ज होने की बात स्वीकार रहे हैं, लेकिन नरवाना सदर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार कोई एफआईआर नहीं हुई है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।