नागरिक अस्पताल में मौजूद परिजन।
- फोटो : Jind
दोस्त की शादी में शामिल होकर कैथल के कसान गांव लौट रहे चार दोस्तों की कार शनिवार रात लगभग एक बजे शाहपुर गांव के पास सड़क के किनारे पलटी तूड़े से भरी ट्रॉली में टकरा गई। हादसे में खटकड़ गांव निवासी रेलवे कर्मचारी 34 वर्षीय राकेश की मौत हो गई, जबकि बास निवासी दीपक घायल हो गया।
पुलिस को दिए बयान में कार चालक रामदास ने बताया कि उसके भाई राकेश की ड्यूटी बरसोला गांव के रेलवे स्टेशन पर थी। शनिवार को वह ड्यूटी के बाद अपने दोस्तों के साथ छात्तर गांव से दोस्त की शादी में कैथल जिले के कसान गांव गया हुआ था। जब वह एक बजे रात में लौटते समय शाहपुर गांव के पास पहुंचा तो सड़क पर तूड़े से भरी ट्रॉली पलटी हुई थी। सामने से आने वाली गाड़ियों की लाइट पड़ने से कार चालक को कुछ दिखाई नहीं दिया और कार टॉली में टकरा गई। चालक के बगल वाली सीट पर बैठे राकेश के अलावा दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने राकेश और दीपक को कार से बाहर निकाला और नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया, जहां पर चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बास निवासी दोस्त दीपक ने की थी जींद जाने की जिद
इस दौरान कार में सवार बास निवासी दीपक ने राकेश से जिद की थी कि उसको रात को ही गांव जाना है। गाड़ी से उसे जींद तक छोड़ने के लिए कहा था। राकेश ने दीपक को रात में अपने पास ही रुकने के लिए कहा, लेकिन उसकी जिद के आगे वह हार गया। दोस्त की जिद पूरी करने के कारण हादसे में राकेश की मौत हो गई।
राकेश का फाइल फोटो।- फोटो : Jind