शहर के पानीपत रोड पर हांसी-बुटाना नहर में उरलाना कलां गांव का एक युवक रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गया। परिजनों ने दो युवकों पर उसे नहर में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को जींद-पानीपत मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पाकर तहसीलदार राजकुमार, नायबतहसीलदार आनंद कुमार व डीएसपी श्याम लाल मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। परिजनों की मांग पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। युवकों की गिरफ्तारी के बाद लगभग चार घंटे बाद जाम खोला गया।
जाम लगा रहे लोगों ने बताया कि गांव उरलाना कलां (पानीपत) निवासी विनोद कुमार (28) रविवार दोपहर अपने दोस्त गांव डमाना (पानीपत) निवासी नरसी उर्फ भोला, उरलाना खुर्द निवासी वीरेंद्र के साथ घर से गया था। उसके बाद विनोद घर नहीं पहुंचा। तलाश करते हुए परिजन जब सोमवार सुबह नरसी के घर पहुंचे तो उसने बताया कि वह तो रात में नहर में डूब गया। जिस पर परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके दोस्त नरसी उर्फ भोला व वीरेंद्र ने योजनाबद्ध तरीके से उसे सफीदों में पानीपत रोड से निकलने वाले नहर हांसी-बुटाना नहर में डुबोकर हत्या कर दी। इस पर परिजन ग्रामीणों के साथ नहर पर पहुंचे उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन दोपहर तक विनोद का सुराग नहीं लगा। जिससे गुस्साए परिजनों ने जींद-पानीपत मार्ग पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया।
इस दौरान परिजनों ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने और नहर में पानी कम कराकर विनोद की तलाश करने की मांग की। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को आश्वासन देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने आरोपी नरसी उर्फ भोला तथा सुनील के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद लगभग चार घंटे बाद ग्रामीण जाम खोलने के लिए तैयार हुए।
आरोपी नरसी ने परिजनों को दी डूबने की सूचना
नहर में डूबे युवक विनोद के छोटे भाई विकास ने बताया कि उसके भाई के गायब होने के बाद उसकी तलाश की। सोमवार सुबह जब नरसी उर्फ भोला ने बताया कि विनोद की रात को नहर में डूब गया। इसके बाद ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। परिजनों ने बताया कि विनोद की शादी लगभग चार साल पहले हुई थी। विनोद की एक साल की लड़की भी है। विनोद मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
आरोपियों को किया गिरफ्तार
सफीदों थाना प्रभारी भारतेंद्र कुमार ने बताया कि युवक के पिता दयानंद की शिकायत पर वीरेंद्र तथा नरसी उर्फ भोला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। नहर में युवक की तलाश के लिए पीछे से पानी कम करवा दिया है और नहर में सर्च अभियान चलाया हुआ है।