18जेएनडी14: डीआरडीए मार्केट में सफाई अभियान के दौरान सफाई करते हुए सफाई कर्मचारी। स्रोत: सफाई
जींद। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रविवार को चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी ने सफाई कर्मचारियों के साथ गोहाना रोड, रोहतक रोड और जेडी-7 सड़क सहित विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर आसपास के क्षेत्र को साफ रखने पर जोर दिया गया।
चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी ने कहा कि शहर की सफाई केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इसी उद्देश्य से वह स्वयं सफाई कर्मचारियों के साथ अभियान में शामिल होती हैं ताकि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के परिश्रम से शहर की व्यवस्था बेहतर होती है और उनके योगदान को प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वच्छ एवं विकसित हरियाणा के संकल्प के अनुरूप नगर परिषद शहर में सफाई और सुंदरीकरण को प्राथमिकता दे रही है।
प्रत्येक रविवार को चलने वाले अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है। डॉ. अनुराधा सैनी ने दुकानदारों और शहरवासियों से अपील की कि वे घरों व प्रतिष्ठानों के आसपास सफाई रखें, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें और नालियों में कचरा न फेंकें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और विकसित जींद का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। नगर परिषद का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।