जींद। रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जींद से जम्मू और अमृतसर जाने वाली बसों पर रोक लगा दी है। ऑपरेशन सिंदूर के चलते हरियाणा से जुड़े पंजाब और राजस्थान बॉर्डर में अलर्ट है। आमतौर पर जींद से जम्मू कटरा के लिए सुबह पांच बजकर 50 मिनट और अमृतसर के लिए सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर बस चलती है, लेकिन आगामी आदेशों तक अभी जम्मू और अमृतसर बस नहीं जाएंगी।
जींद से जम्मू कटरा के लिए काफी संख्या में यात्री दर्शन के लिए माता वैष्णो देवी जाते हैं। इसके अलावा अमृतसर भी देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में से एक है। अमृतसर में स्वर्ण मंदिर, महाराजा रणजीत सिंह संग्रहालय, गोबिंदगढ़ किला, जलियांवाला बाग, वाघा बॉर्डर जैसी जगह हैं।
गर्मियों की छुट्टियों में लोग वैष्णो देवी और अमृतसर जैसी जगह पर जाने की योजना बनाते हैं। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल जैन ने कहा कि इस समय ऑपरेशन सिंदूर के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जींद से जम्मू कटरा और अमृतसर जाने वाली बसों पर रोक लगा दी है। यह बस केवल लुधियाना तक जाएंगी।