संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। रिटायर्ड कर्मचारी अधिकारी एसोसिएशन की मासिक बैठक सोमवार को वरिष्ठ उप-प्रधान खजान सिंह खटकड़ की अध्यक्षता में जाट धर्मशाला में हुई। बैठक का एजेंडा महासचिव कुलदीप सिंह गोयत ने पेश किया।
वरिष्ठ उप प्रधान खजान सिंह खटकड़ ने बताया कि सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों ,हैप्पी कार्ड धारकों,विकलांगों आदि को सरकारी बसों व समिति की बसों में फ्री या रियायती दरों पर यात्रा करने की सुविधा प्रदान की गई है।
समिति की बसों में उपरोक्त वर्णितों को यह सुविधा प्रदान नहीं की जा रही है बल्कि उनके साथ बसों में दुर्व्यवहार भी किया जाता है। बैठक में इस बारे फैसला लिया गया कि प्रशासन से मिलकर इसका समाधान करवाया जाएगा और प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि इस बारे सरकारी नियमों का पालन करवाया जाए।
प्रधान किताब सिंह भनवाला ने सभी ब्लॉक पदाधिकारी को सदस्यता बढ़ाने और आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए विशेष दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दादरी विधायक सुनील सांगवान के जाट धर्मशाला जींद में पधारने पर रिटायर्ड कर्मचारियों की मांगों का ज्ञापन देकर उनसे अनुरोध किया गया कि इन मांगों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाएं।
उन्होंने बताया कि जिन रिटायर्ड कर्मचारियों की आयु 70 से 80 वर्ष के बीच है उनको इसी साल एलटीसी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर मियां सिंह खटकड़, कोषाध्यक्ष शमशेर सिंह ढांडा, शीशपाल लोहान, जय नारायण जिलेदार, प्रोफेसर बलवान सिंह, जगदीश चंद्र पांचाल, डा.सतवीर सिंह चाहर और सुरेश शर्मा मौजूद रहे ।