जींद। सफीदों रोड पर अटल पार्क के सामने सर्विस स्टेशन पर कार के डैश बोर्ड पर रखी पिस्तौल को निकालते समय चली गोली कारिंदे के जबड़े में लग गई। उसे नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन गंभीर हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम के बारे में पूछताछ की।
हैबतपुर गांव निवासी आशीष दो दिन पहले सफीदों रोड पर अटल पार्क के सामने सर्विस स्टेशन पर काम करने के लिए आया था। इससे पहले वहां पर उसका चचेरा भाई शिवम काम करता था। शिवम दो दिन पहले ही आशीष को सर्विस स्टेशन पर काम दिलवाने के लिए लेकर आया था।
मंगलवार को सर्विस स्टेशन पर शिवम व आशीष काम कर रहे थे। इस दौरान अर्बन एस्टेट निवासी एक व्यक्ति गाड़ी धुलवाने के लिए सर्विस स्टेशन पर गया। उसकी गाड़ी के डैश बोर्ड पर लाइसेंसी पिस्तौल रखी हुई थी। गाड़ी धुलाई के समय आशीष ने पिस्तौल को उठाया तो इस गोली चल गई, गोली आशीष के जबड़े को फाड़ती हुई बाहर निकल गई। साथ में काम कर रहे शिवम व अन्य लोग उसे नागरिक अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि आशीष फिलहाल बयान देने की हालत में नहीं है। रोहतक पीजीआई में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।