गांव लोहचब के पास बुधवार शाम को दो बाइकों की भिड़त में एक बाइक पर बैठे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल जींद में दाखिल करवाया गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव मनोहरपुर निवासी रणधीर ने कहा कि उसका साला गांव भागखेड़ा निवासी कर्मवीर उसके घर आया हुआ था। बुधवार देर शाम को वह अपने साले के साथ बाइक पर सवार होकर मनोहरपुर से भागखेड़ा जा रहा था। जब वह लोहचब गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक लेकर गिर गया।कर्मवीर का सिर सड़क पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग दोनोें को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां पर कर्मवीर की मौत हो गई। पुलिस ने रणधीर की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।