जींद। शहर के सुभाष नगर में 13 जनवरी को चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये की नकदी, चार तोले सोने और चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
सुभाष नगर निवासी दीक्षांत बूरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 जनवरी को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी के एक कार्यक्रम में गया हुआ था। पीछे से चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 70 हजार रुपये की नकदी, चार तोले सोने के जेवरात, लैपटॉप व अन्य सामान को चोरी कर लिया। घटना का सुबह उस समय पता चला, जब वह 15 जनवरी को परिवार के साथ घर वापस लौटा। जांच अधिकारी एसआई मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।