04जेएनडी30: नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान में मौजूद बच्चे। स्रोत : आयोजक
जींद। नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी के सद्भावना भवन, जींद में मंगलवार को ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी सीएमओ डॉ. रमेश पंचाल, ब्रह्माकुमारीज के सदस्य, बड़ी संख्या में भाई-बहन तथा स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
जींद सर्कल इंचार्ज बीके विजय दीदी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक शक्ति के माध्यम से व्यक्ति अपनी कमजोरियों और बुराइयों पर विजय प्राप्त कर सकता है तथा नशे जैसी आदतों से दूर रह सकता है।
एसपी कुलदीप सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना केवल पुलिस या प्रशासन ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान बीके आरती बहन ने हास्य कविता के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जबकि बीके नीलम बहन ने उपस्थित लोगों को स्वयं नशामुक्त रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा दिलाई।
पूर्व डिप्टी सीएमओ डॉ. रमेश पंचाल ने एसपी कुलदीप सिंह को नशामुक्ति प्रदर्शनी का अवलोकन कराया और संस्था द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की जानकारी दी। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।