सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव निवासी एक 19 वर्षीय युवती और 23 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों को सोमवार को गंभीर हालत में सफीदों के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। दोनों की हालत गंभीर है। पुलिस को सूचना मिल गई है। पुलिस दोनों के होश में आने का इंतजार कर रही है। होश में आने के बाद ही दोनों के ब्यान दर्ज किए जाएंगे तथा आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सदर थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि उन्हें सोमवार को सूचना मिली थी कि एक गांव निवासी एक युवक तथा युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। दोनों को सफीदों के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। सूचना के आधार पर पुलिस अस्पताल में पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल दोनों बेहोशी की हालत हैं। वहीं युवती की मां ने युवक के खिलाफ उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा जहर देकर मारने के प्रयास के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायत आई भी है तो युवती 19 वर्ष की बालिग है। युवती के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस उनके होश में आने का इंतजार कर रही है।