महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान द्वार अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस दौरान विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि हर व्यक्ति को जीवन में एक ऐसा संकल्प करना चाहिए जिसका विकल्प नहीं हो। रक्तदान इनमें से ही एक है। इस दौरान 85 लोगों ने पंजीकरण करवाया और 70 ने रक्तदान किया। इसमें महिलाओं की भागेदार भी खास रही। इस दौरान अध्यक्षता महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन जींद के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने भी रक्तदान किया।
विधायक डॉ. मिड्ढा ने कहा कि रक्तदान पुण्य का काम है। यह अध्यात्मिक, शारीरिक, सामाजिक, मानसिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। रक्तदान करने से शरीर में नई ऊर्जा का विकास होता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में रक्तदान अवश्य करना चाहिए और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। वहीं राजकुमार भोला ने कहा कि जन्मदिन पर रक्तदान कर उन्हें बहुत बहुत खुशी मिली है। भोला ने 38वीं बार रक्तदान कर किया। शिविर में जेल उपाधीक्षक राकेश लोहचब ने आठवीं बार रक्तदान किया।
महिलाएं भी आई आगे
शिविर में जीआरपी की हवलदार कविता, जींद की मीना रानी, खांडा गांव निवासी किरण और दुर्गा कॉलोनी निवासी सुमित्रा ने भी रक्तदान किया। महिलाओं ने कहा कि रक्तदान कर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। इसे जीवन का नियमित हिस्सा बनाया जाएगा।
दिव्यांगों में भी दिखा जोश
शिविर के दौरान दिव्यांग युवाओं में भी काफी जोश दिखा। पंजीकरण के लिए सुबह से ही दिव्यांग युवा लाइन में लग गए। हालांकि मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य संबंधित परिस्थितियों को देखते हुए कुछ ही दिव्यांग युवाओं का रक्त लिया। डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि यह लोग अस्पताल में रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान के दौरान कई खास सुविधाओं की जरूरत होती है, जो िश्विर में नहीं होती। इस मौके पर डॉ. राजेश भोला, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव राज कपूर सूरा, अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल, अपना रोटी रथ फाउंडेशन के संजय ढिलौठ, जिला प्रशिक्षण अधिकारी ईश्वर सिंह सांगवान, पवन कपूर, जीआरपी के एएसआई बलवंत सिंह, नरेंद्र कुंडू, संजय शर्मा, रोहताश भोला, अजय पवार, प्रमोद राठी, संजय, अशोक खर्ब, पूजा, ममता, पूजा जांगड़ा मौजूद रहे।