जुलाना। कस्बे के मुख्य बाजार में नगरपालिका के कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया तो दुकानदारों ने विरोध किया और जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने जाम खोल दिया।
दुकानदार जगदीश, संदीप, अजमेर ने कहा कि नगरपालिका के कर्मचारी जबरदस्ती कर रहे हैं। दुकानों के बाहर रखे सामान को रखते समय कर्मचारी तोड़फोड़ कर देते हैं। वीरवार को नपा के कर्मचारियों ने दुकानदारों के साथ अभद्र व्यवहार किया और दुकानदारों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। दुकानदारों ने विरोध स्वरूप मैन बाजार में जाम लगा दिया। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी समरजीत सिंह के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने जाम खोल दिया।
विज्ञापन
नपा सचिव विक्रमजीत ने बताया कि नगरपालिका ने त्योहारी सीजन को देखते हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया है। कई बार दुकानदारों को नोटिस भी दिए गए हैं कि सामान को दुकानों के बाहर ना निकाले। सामान बाहर निकालने से जाम लग जाता है। बार बार मुनादी करवाने के बाद भी दुकानदार नही मान रहे थे तो सामान को जब्त किया गया।
दुकानदारों ने सड़क पर जाम लगा दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को खुलवा दिया गया। दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि दुुकानों के बाहर सामान ना निकालें।-समरजीत सिंह थाना प्रभारी जुलाना।