11जेएनडी03: रेलवे जंक्शन पर यात्रियों के बैग की जांच करते पुलिसकर्मी। संवाद
जींद। दिल्ली ब्लास्ट के बाद जिला पुलिस अलर्ट मोड पर है। रात को ही पुलिस ने पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी थी। जीआरपी थाना प्रभारी कपिल ने रेलवे जंक्शन पर डॉग स्क्वायड के साथ सभी गाड़ियों व यात्रियों के सामान की जांच की।
जिले में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कड़े निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त रात को जिले के सभी 25 नाकों पर अलर्ट किया गया है। दिनभर शहर में नाकों पर जांच हुई तो वहीं सभी थाना क्षेत्रों में अलग अलग मुख्य चौक चौराहों पर नाकेबंदी कर सभी बड़े वाहनों की जांच की।
एसपी ने निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उससे भी कड़ी पूछताछ हो। कहीं पर भी कानून व्यवस्था में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। एसपी ने बताया कि डॉग स्क्वायड की टीम के साथ सार्वजनिक स्थानों पर खड़े सभी लावारिस और अन्य वाहनों की विशेष जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने आमजन से भी इस स्थिति में सहयोग की अपील की है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से समय रहते निपटा जा सके। रेलवे जंक्शन पर कविता, सज्जन व गुरदेव ने संदिग्ध यात्रियों की जांच की।
लोगों से अनुरोध है कि शांति बनाए रखें। कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखे तो डायल 112 पर सूचित करें। सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में हैं। इंटर-स्टेट बॉर्डर पर व्हीकल चेकिंग की जा रही है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पार्किंग एरिया, होटल-धर्मशाला की भी चेकिंग की जा रही है।
11जेएनडी03: रेलवे जंक्शन पर यात्रियों के बैग की जांच करते पुलिसकर्मी। संवाद