जींद। सफीदों में रिहायशी क्षेत्र में बने बायोगैस प्लांट को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग को लेकर सोमवार को शहर के प्रतिनिधिमंडल ने सफीदों विधायक रामकुमार गौतम को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि रिहायशी इलाके में स्थित बायोगैस प्लांट से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे जल्द से जल्द अन्य जगह शिफ्ट किए जाने की आवश्यकता है।
रामकुमार गौतम ने आश्वासन दिया कि वे लोगों की समस्याओं को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष उठाएंगे। वहीं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि इस मामले को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के एजेंडे में शामिल किया जाएगा। उन्होंने उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा को भी आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मौके पर उचाना विधायक देवेन्द्र अत्री, जिलाध्यक्ष तेजेंद्र ढुल सहित प्रतिनिधिमंडल के कई सदस्य मौजूद रहे। इनमें ब्राह्मण सभा के पूर्व प्रधान शियाराम शास्त्री, वजीर ढांडा, पार्षद प्रतिनिधि डॉ. बलबीर श्यौराण, राज सिंह दलाल, मास्टर सेवा सिंह और सतबीर कुंडू शामिल थे।