जींद। गोहाना रोड पर स्थित महिला महाविद्यालय के सामने तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजा घायल हो गए। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बराह खुर्द निवासी थंबूराम ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रैक्टरों के लिए इलेक्ट्रीशियन का काम करता है। 15 मई की शाम को भतीजे मनजीत के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। जब वह गोहाना रोड स्थित महिला महाविद्यालय के सामने पहुंचा तो एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और घसीटते हुए ले गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।