जींद। पिल्लूखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव ढाठरथ में ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक चालक की मौत हो गई। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मृतक खेत में फसलों को पानी देकर घर आ रहा था।
ढाठरथ निवासी सुशील बालदा ने पुलिस को एफआईआर में बताया कि उसका 27 वर्षीय भाई नवीन बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति अपने ट्रैक्टर को लापरवाही से चलते हुए आया और उसने सीधी टक्कर उसके भाई नवीन की बाइक में मार दी जिससे उसके भाई की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसका भाई शनिवार शाम को खेत में फसलों को पानी देकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव में पहुंचा तो यह हादसा हो गया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना को अंजाम देेने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।