गांव सीक पाथरी के बीच रविवार देर शाम बाइक के सामने झोटा (भैंसा) आने से बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए गोहाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पहुंचने पर एक युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं दो को गांव खानपुर कलां बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया।
जहां पहुंचने पर एक और युवक ने दम तोड़ दिया। तीसरे घायल युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनो युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
जींद जिले के गांव सिवाना माल निवासी सोनू (25) पुत्र बाबूराम, सोनू का छोटा भाई विक्की और इन्हीं के पड़ोस में रहने वाला कृष्ण (23) पुत्र वीरभान किसी काम से गांव डिडवाड़ा में बाइक से गए थे।
रविवार शाम काम निपटाने के बाद तीनों बाइक से गांव सिवाना माल लौट रहे थे। जब बाइक गांव सीक पाथरी के बीच में पहुंची तो उनके वाहन के सामने झोटा आ गया। बाइक चालक ने झोटे को बचाने का प्रयास किया और संतुलन खो बैठा। तीनों बाइक समेत गिर पड़े।
बाद में उनको गंभीर हालत में गोहाना के सरकारी अस्पताल में लाया गया जहां पर पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया गया।
प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कृष्ण और सोनू को गांव खानपुर कलां में स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां कृष्ण ने दम तोड़ दिया। सोनू का इलाज चल रहा है। तीनों ही युवक दिहाड़ी-मजदूरी का काम करते थे।