हरियाणा के जींद जिले के सफीदों कस्बे के बुढ़ाखेड़ा गांव के पास बाइक असंतुलित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें एक महिला की मौत तथा तीन अन्य घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सफीदों सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार देर सांय पानीपत के लक्ष्मी नगर निवासी रीना (30) अपने पति सतीश और दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार को उपमंडल सफीदों के गांव ढाठरथ में अपनी बहन से मिलकर वापस पानीपत जा रही थी। गांव बुढ़ाखेड़ा के पास सड़क किनारे पड़े पेड़ से बाइक टकरा गई।
टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल व उस पर सवार चारों लोग सड़क पर आ गिरे तथा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सफीदों के नागरिक अस्पताल में लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने रीना को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीनों अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सफीदों सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।