जींद में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने स्वर्णकार दुकानदा के घर को निशाना बनाया है। जानकारी के अनुसार परिवार गुरुग्राम में माता के दर्शन के लिए गया हुआ था। चोरी की सूचना पीड़ित को पड़ोसियों ने दी।
जींद के जुलाना कस्बे के वार्ड 11 में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए घर से लगभग 6 लाख रुपये की नगदी और लाखों रुपये गहने चोरी कर लिए। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुटी हुई है।
विज्ञापन
वार्ड 11 निवासी प्रदीप वर्मा ने बताया कि वह स्वर्णकार की दुकान चलाता है। सोमवार को शाम के समय वह परिवार के साथ गुरुग्राम में माता के दर्शन के लिए गया हुआ था। घर को ताला लगा हुआ था। जब घर के बाहर का ताला खुला देखा तो पड़ोस के लोगों ने इसकी सूचना प्रदीप को फोन पर दी। प्रदीप ने घर आकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे लगभग 6 लाख रुपये की नगदी और लाखों रुपये के गहने गायब मिले।
प्रदीप ने बताया कि उसने मकान को बेचकर उसकी 5 लाख 30 हजार राशि भी घर पर ही रखी थी। इसके अलावा 60 से 70 हजार रूपये की नगदी भी रखी हुई थी जोकि चोरी हो गई। उसकी दुकान के काफी गहने जो कि वह घर पर रखता था वो भी चोरी हो गए। प्रदीप ने बताया कि उसे लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। सूचना पाकर जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुटी हुई है। चोरी की घटना को अंजाम देकर भागते दो युवक पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है कि दो नकाबपोश युवक 2 बजकर 55 मिनट पर गली में भागते हुए आ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी को खंगाल रही है।