जींद। भिड़ताना से मोरखी तक जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस पर करीब एक करोड़ चार लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे करीब 10 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी।
मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन प्रदीप कुमार का कहना है कि इस सड़क के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। 25 मार्च को टेंडर की बीड खोली जाएगी। प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदार को काम अलॉट किया जाएगा। सड़क काफी समय से बदहाल थी। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से जींद शहर पहुंचते हैं। किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने और आम लोगों को जरूरी कामों के लिए शहर आने में इस सड़क का इस्तेमाल करना पड़ता है। खराब सड़क के कारण लोगों को समय के साथ अतिरिक्त परेशानी भी झेलनी पड़ रही थी।
वर्जन
सड़क के निर्माण के बाद यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। इससे आसपास के गांवों का शहर से संपर्क बेहतर होगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा और वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकेगा।