05जेएनडी20: राजपुरा भैण गांव के मंदिर में भाकियू के पदाधिकारी खाद समेत अन्य मांगों को लेकर बैठ
जींद। राजपुरा भैण गांव के मंदिर में बुधवार को खाद की किल्लत को लेकर भारतीय किसान यूनियन की बैठक हुई। सूरज लोहान राजपुरा भैण ने बैठक में खाद की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि गेहूं की बिजाई का काम शुरू हो चुका है। इसलिए किसानों को खाद उपलब्ध करवाया जाए।
भाकियू के जिला प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल पोंकरी खेड़ी ने कहा कि नई अनाज मंडी में जहां एग्रीकल्चर पर मार्केटिंग बोर्ड द्वारा किसानों को अपनी फसल डालकर बेचने के लिए कॉमन प्लेटफार्म व उनकी फसल बारिश आदि से बचाने के लिए कवर शेड तैयार किए गए थे।
उन पर मंडी के ही कुछ आढ़तियों ने अपनी-अपनी दुकानों के समक्ष दूर तक अपने कब्जे जमाए हैं। भाकियू का आरोप है कि यह सब मार्किट कमेटी के अधिकारियों की मिलीभगत से हो रहा है। दूसरी तरफ अनाज मंडी के गेट नंबर तीन में मार्किट कमेटी के धर्मकांटे पर भी बोरियां पड़ी हैं।
कुछ आढ़तियों ने धर्मकांटे पर कब्जा जमा लिया है। भाकियू ने प्रशासन को चेताया है कि इन दोनों जगह से जिला प्रशासन कब्जे हटवाए अन्यथा भाकियू धरना देने पर मजबूर होगी। इस अवसर पर प्रधान बिंद्र नंबरदार, जयबीर राजपुरा भैण, सुरेश बहबलपुर, महाबीर बैरागी गुलकनी, प्रकाश राजपुरा भैण, भगतु राम बीबीपुर, धर्मपाल घिमाना मौजूद रहे।
आढ़तियों का कब्जा हटवाने को लेकर चेताया
मंडी में फड़ों पर आढ़तियों के कब्जों को लेकर कई दिन पहले आढ़तियों का विवाद भी हुआ था। इसके बाद कुछ आढ़तियों ने फड़ों पर किए अवैध कब्जों को हटवाने के लिए प्रशासन को पत्र लिखकर शिकायत दी थी। इसके बावजूद भी कब्जे नहीं हटवाए गए। इसको गंभीरता से लेते हुए भाकियू ने अब प्रशासन को आढ़तियों के अवैध कब्जे हटवाने के लिए चेताया है।