जींद। राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मुहैया करवाने के लिए शिक्षा विभाग ने योजना बनाई है। इसके तहत अब स्कूल स्तर पर यातायात प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। इसके साथ ही यातायात के दौरान छात्राओं के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करने के लिए खंड स्तर पर यातायात कमेटी का गठन भी किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी को कमेटी का प्रभारी बनाया जाएगा।
शिक्षा विभाग के निदेशक ने डीईओ और डीईईओ को पत्र जारी कर इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए दूर-दराज क्षेत्र में जाने वाली छात्राओं के लिए छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना चलाई हुई है। सभी छात्राओं को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। ऐसे में शिक्षा विभाग ने छात्राओं को बेहतर परिवहन सुविधा मुहैया करवाने के लिए यह नई पहल शुरू की है।
स्कूल प्रबंधन समिति का भी लिया जाएगा सहयोग
राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ सुनिश्चित करवाने के लिए स्कूल प्रबंधन समिति का भी सहयोग लिया जाएगा। परिवहन अधिकारी स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान व सदस्यों के साथ बातचीत करते हुए छात्राओं के लिए परिवहन सुविधा की व्यवस्था करेंगे। वहां स्कूल प्रबंधन समिति के सहयोग से निजी वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारी की तरफ से स्कूलों के लिए बजट की मांग की जाएगी।
स्कूलों में पढने वाली छात्राओं को बेहतर परिवहन सुविधा मुहैया करवाने के लिए स्कूल स्तर पर यातायात प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। जो स्कूल प्रबंधन समिति के सहयोग से छात्राओं को बेहतर परिवहन सुविधा देने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही खंड स्तर पर कमेटी गठित की जाएगी जो छात्राओं के सामने आने वाली समस्याओं का समाधान करेगी। इससे छात्राओं को बेहतर परिवहन सुविधा मुहैया करवाई जा सकेगी।
-सुमित्रा देवी, उप जिला शिक्षा अधिकारी, जींद।