16जेएनडी28: कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी। स्रोत संवाद।
नरवाना। प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के हालिया आरोपों पर भाजपा नेता बेदी ने कड़ा जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।
उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कि बिना तथ्यों के बयान देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है लेकिन प्रदेश की जनता बार-बार ऐसे प्रयासों को नकार रही है। बेदी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने किसी भी व्यक्ति की पेंशन न तो काटी है और न ही रोकी है। यदि कहीं से शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
इसे राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना आधार के आरोप लगाकर सुर्खियां बटोरना चाहता है। बेदी ने कहा कि सिरसा जिले सहित कई स्थानों पर लोग अब इंडियन नेशनल लोकदल का नाम तक भूल चुके हैं। ऐसे में सरकार को झुकाने जैसे दावे करना हास्यास्पद है।
उन्होंने एसवाईएल मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि बड़े-बड़े वादे किए गए थे लेकिन जमीन पर कुछ भी ठोस परिणाम सामने नहीं आया। बेदी ने कहा कि आंदोलन करने की बात करना आसान है लेकिन जनसमर्थन के बिना ऐसे आह्वान का कोई महत्व नहीं रहता।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 20 तारीख को आंदोलन करने से किसने रोका है। जनता सब देख और समझ रही है। पदयात्राओं और बड़े वादों का परिणाम भी चुनावों में सामने आ चुका है। भाजपा नेता ने कहा कि बड़बोलेपन और असंयमित भाषा से राजनीति को लाभ नहीं होता।
ताऊ देवीलाल की विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विरासत को संभालने के लिए गंभीरता और जनसेवा की भावना जरूरी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यक्तिगत हमलों और कटाक्ष से इनेलो ने स्वयं अपना राजनीतिक नुकसान किया है। बेदी ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास और स्थिरता चाहती है न कि निराधार आरोपों की राजनीति। भाजपा सरकार जनहित के कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है और आगे भी विकास की गति को जारी रखेगी।