संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले के उन सात स्कूलों के लिए एक-एक लाख रुपये की ग्रांट जारी की गई है, जो पहले चरण में पीएम श्री योजना के तहत चुने गए थे। इन स्कूलों में इस सत्र से सीबीएसई माध्यम से पढ़ाई हो रही है। इन स्कूलों के सौंदर्यीकरण पर यह राशि खर्च होगी। सबसे पहले स्कूल की चहारदीवार तथा शौचालयों के निर्माण व जीर्णोद्धार को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि इसके बाद भी राशि बची तो अन्य कार्य किए जाएंगे। यह राशि हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा जारी की गई है।
जिले में अब तक 16 स्कूलों का पीएम श्री योजना के तहत चयन हो चुका है। इनमें से सात स्कूलों में यह योजना इस बार लागू हो चुकी है। अगले वर्ष बचे हुए नौ स्कूलों में भी यह योजना लागू हो जाएगी। पीएम श्री योजना के तहत स्कूल को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से निकालकर सीबीएसई से मान्यता दिलाई जाती है। इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होती है। इस सत्र से जिले में सात स्कूल पीएम श्री योजना के तहत चल रहे हैं। इन स्कूलों के सौंदर्यीकरण के लिए सरकार की तरफ से एक-एक लाख रुपये की राशि जारी गई है। इस राशि से स्कूल प्रबंधन समिति स्कूल की चहारदीवारी, शौचालयों, शिक्षण सहायक सामग्री खरीदने, स्कूल के वार्षिक दिवस मनाने, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता करवाई जा सकती है। सबसे पहले स्कूल में शौचालयों को दुरुस्त करवाना होगा। किसी स्कूल में शौचालय नहीं हैं तो उनका निर्माण करवाना होगा।
जिले के पहले पीएम श्री योजना के तहत चुने गए स्कूल
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल अलेवा, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिशनुपरा, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुलाना, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धमतान साहब, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुआना, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल लोधर व राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल उझाना सबसे पहले पीएम श्री योजना के लिए चुने गए थे। इन्हीं स्कूलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
जिले के पहले सात स्कूलों के सौंदर्यीकरण के लिए एक-एक लाख रुपये की राशि जारी की गई है। स्कूल प्रबंधन कमेटी इस राशि को खर्च करेगी। यह स्कूल की राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों की तर्ज पर विकसित किए जाएंगे।
अजीत लाठर, एपीसी, समग्र शिक्षा अभियान जींद।