जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 17 जुलाई को 8 बजे से 11 बजे तक रूट डायवर्जन रहेगा। शहरवासी घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें। पुलिस के बताए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जींद शहर सहित आसपास के जिलों और बाहरी राज्यों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे 17 जुलाई को अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। संभव हो तो अपनी यात्रा का समय पहले या बाद में निर्धारित करें।
इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
-नरवाना रोड पुल बाईपास से आने वाले वाहन कच्चा जुलानी रोड होते हुए ईंटल मार्ग से जींद-बरवाला रोड की ओर जाएंगे। कैथल रोड बाईपास से आने वाले वाहन भी अहिरका, कच्चा जुलानी रोड और ईंटल मार्ग का प्रयोग करेंगे।
-जुलानी फाटक और जलालपुरा फाटक से आने वाले वाहनों को जुलानी, ईक्कस और ईंटल मार्ग से होते हुए नरवाना रोड, अहिरका और कैथल रोड की ओर भेजा जाएगा।
-कृष्णा मंदिर रेलवे स्टेशन के सामने से गुजरने वाला शहर मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। नरवाना और कैथल रोड की ओर जाने वाले वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करेंगे।
-टेंडरी मोड़, ईक्कस, भिवानी रोड और बरवाला रोड से हांसी व बरवाला की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत करवाई जाएगी।
-वीटा प्लांट रोड, पटियाला चौक रोड और पुरानी सब्जी मंडी से पटियाला चौक की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
-भिवानी से पंजाब, कैथल और चंडीगढ़ जाने वाले वाहन मुढाल-हांसी-बरवाला मार्ग का प्रयोग करेंगे।
-हांसी से नरवाना और चंडीगढ़ जाने वाले वाहन नारनौंद, खेड़ी चौपटा और उचाना होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
-बरवाला से जींद होकर पानीपत जाने वाले वाहन खेड़ी चौपटा, उचाना, घोघड़िया, नगूरां और कैथल-असंध मार्ग से जाएंगे।
-रोहतक से नरवाना और कैथल जाने वाले वाहनों को एनएच-152डी के रास्ते भेजा जाएगा।
-नरवाना और कैथल रोड से दिल्ली जाने वाले वाहन एनएच-152डी तथा जम्मू-कटरा-दिल्ली हाईवे का इस्तेमाल करेंगे।
-पानीपत, सोनीपत और गोहाना से हांसी, हिसार और भिवानी जाने वाले वाहनों के लिए भी एनएच-152डी निर्धारित किया गया है।
रैली में आने वाले वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के लिए भी विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। बरवाला, हांसी, हिसार और भिवानी की ओर से आने वाले रैली वाहनों को रोहतक रोड नाका, नई अनाज मंडी, एनएच-352, नए बस स्टैंड और सफीदों बाईपास सर्विस रोड से होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया जाएगा। नरवाना रोड, कैथल रोड और हैबतपुर रोड से आने वाले वाहन हैबतपुर रोड के माध्यम से सीधे रैली स्थल और निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।
वर्जन
यातायात प्रबंध आमजन की सुरक्षा, सुगम यातायात और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के शांतिपूर्ण व सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए हैं। लोगों से अपील की कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।
-कुलदीप सिंह, एसपी जींद