जींद। रामनगर में रविवार देर रात शादी में युवक कन्यादान वाला बैग छीनकर फरार हो गया। बैग में लगभग डेढ़ लाख रुपये थे। वारदात के समय परिवार के लोग लड़कियों को विदा करने की तैयारी कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची, लेकिन राशि छीने वाले युवक का पता नहीं चल पाया। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज कर लिया है।
रामनगर निवासी ज्ञानीराम की दो बेटियों की रविवार की रात में शादी थी। ज्ञानीराम ने अपने रिश्तेदार विकास नगर निवासी सुभाष को कन्यादान का बैग सौंपा हुआ था। बैग में लगभग डेढ़ लाख रुपये थे। देर रात लड़कियों को विदा किया जा रहा था, जबकि सुभाष बैग को हाथ में लेकर गली में रखे सामान को समेट रहे थे। इसी दौरान चादर ओढ़कर आया युवक बैग छीनकर फरार हो गया। शोर मचाने के साथ युवक का पीछा भी किया, मगर वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया। जांच अधिकारी वजीर ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ज्ञानीराम की शिकायत पर अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।