नरवाना। बाबा गैबी साहिब मंदिर में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का रविवार को समापन हुआ। इसमें अंतिम दिन कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी विशेष रूप से कथा में पहुंचे।
मंदिर परिसर में पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले बाबा गैबी साहिब की समाधि पर जाकर विधिवत पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर में स्थापित श्रीमद् भागवत ग्रंथ को अपने सिर पर धारण कर श्रद्धा भाव से उठाया और मंदिर में आयोजित भागवत कथा मंच तक लेकर पहुंचे। जहां विधि-विधान से भागवत जी को विराजमान किया गया।
मंदिर के महंत अजय गिरि महाराज और कथा वाचक धर्मपाल नाभा ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को आशीर्वाद प्रदान किया। मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि बाबा गैबी साहिब मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि आस्था, संस्कार और अध्यात्म की जीवंत प्रेरणा का केंद्र है। भारत सनातन संस्कृति और वैदिक परंपराओं की भूमि है।
इन्हीं मूल्यों का अनुसरण करते हुए बाबा गैबी साहिब मंदिर क्षेत्र में अध्यात्म की एक अनूठी चेतना का संचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की बाबा गैबी साहिब के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास है, जिसका परिणाम लोगों को सुखद, शांत और मंगलमय जीवन के रूप में प्राप्त हो रहा है। वहीं उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश दिया कि बहन-बेटियों पर गलत नजर डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि गुंडाें के लिए नरवाना में कोई जगह नहीं, यह सत्संग और भंडारों की धरती है। यहां गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से बाबा गैबी साहिब मंदिर में विकास के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सामाजिक संस्थानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए निरंतर सहयोग कर रही है।
बॉक्स
श्रीकृष्ण–सुदामा मिलन का सुनाया प्रसंग
धर्मपाल शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण–सुदामा मिलन और राजा परीक्षित के मोक्ष का प्रसंग सुनाया। जैसे-जैसे कथा अपने समापन की ओर बढ़ी, पांडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। श्रीकृष्ण द्वारा अपने मित्र सुदामा का नंगे पांव दौड़कर स्वागत करने का प्रसंग सुनते ही पूरा पांडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। कथा की पूर्णाहुति पर मुख्य यजमानों ने सपत्नीक भागवत महापुराण का पूजन किया। व्यास पीठ की भव्य महाआरती हुई। इसके उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया और पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेली गई।
08जेएनडी21-कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को सम्मानित करते हुए कथावाचक। संवाद