अलेवा। स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र ढांडा ने बुधवार को नगूरां, शाहपुर, चांदपुर, दिल्लूवाला, रायचंदवाला समेत तीन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को जानलेवा बीमारियों के बचाव के लिए टीकाकरण करवाने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना चाहिए तथा प्रसव पूर्व चार देखभाल अवश्य करवाएं ताकि जच्चा-बच्चा स्वस्थ रह सके। यही नहीं जिन गर्भवती महिलाओं में खून की कमी है उनको हरी पत्तेदार सब्जियां, गुड्ड, चना, विटामीन सी युक्त फल, साबुत अनाज, अंकुरित दालें, पीले फल, ड्राई फ्रूट तथा फोलिक एसिड, आयरन, कैल्शियम युक्त गोलियों का सेवन करें ताकि उनका स्वास्थ्य स्वस्थ रह सके। गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर गलघोंटू तथा टिटनेस के टीके लगाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली औपचारिक सुविधाएं जैसे खून, बीपी, शुगर, आरएच फैक्टर, ब्लड ग्रुप, बुखार, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, बलगम की जांच नगूरां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध है। लोगों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनहित के लिए चलाई योजनाओं का लाभ लेना चाहिए ताकि जीवन को स्वस्थ बनाया जा सके। इस अवसर पर एएनएम हरिता, राजबाला, रीनू, कुलदीप, सीमा, संतोष, रोशनी, सुनिता, बिमला, राजेश मौजूद थी।