फोटो 24जेएनडी03-बरसोला में स्कूली बच्चों को बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्यकर्मी।
जींद। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डेंगू रोधी माह पर उप स्वास्थ्य केंद्र बरसोला की ओर से राजकीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य कर्मचारी जयवीर नेहरा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि डेंगू फैलाने वाला एडीज एजिप्टी मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है। इसलिए घर, स्कूल और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। प्रत्येक रविवार को सूखा दिवस मनाकर कूलर, पानी की टंकियों, फ्रिज ट्रे, गमलों और अन्य बर्तनों की नियमित सफाई करने की अपील की गई। बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराने की सलाह भी दी गई। जागरूकता अभियान के तहत विद्यालय की सभी कक्षाओं के बाहर बचाव संबंधी पंपलेट लगाए गए। विद्यार्थियों ने अपने परिवार और गांव में भी डेंगू से बचाव का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।