फोटो 29जेएनडी14-नए किराया सूची के बारे में जानकारी देते ऑटो यूनियनों के पदाधिकारी। स्रोत सदस्य
जींद। हरियाणा ऑटो रिक्शा यूनियन और बजरंग बली ऑटो ई-रिक्शा कल्याण समिति ने ऑटो के किराये में बढ़ोतरी कर दी है। दोनों यूनियनों की संयुक्त बैठक में नए किराये की सूची जारी की गई।
नए बस स्टैंड से राजकीय कॉलेज तक विद्यार्थियों के लिए दस रुपये किराया निर्धारित किया गया है। वहीं अन्य स्थानों के लिए 20 रुपये किराया लिया जाएगा। शहर के सभी बाईपास से बाईपास तक सफर करने पर 30 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
रेलवे स्टेशन से नए बस स्टैंड तक ऑटो का किराया 30 रुपये होगा। इसी तरह नए बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए भी 30 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक 40 रुपये किराया लिया जाएगा। शहर में विशेष किराये के तहत अधिकतम 150 रुपये निर्धारित किए गए हैं। यह किराया एमएलसी एरिया के लिए लागू होगा।
वहीं दिव्यांग और दृष्टिहीन यात्रियों के लिए ऑटो में सफर निशुल्क रहेगा। इसके अलावा ऑटो चालकों से अपने सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने और बिना कागजात के वाहन सड़क पर नहीं चलाने का आह्वान किया गया। यूनियन की ओर से पिछले किराये की सूची भी जारी की गई है, जिससे नए और पुराने किराये की तुलना की जा सके।
मनमाना किराया लेने पर 500 रुपये जुर्माना
ऑटो चालकों को निर्धारित किराये से कम या अधिक किराया नहीं लेने की हिदायत दी गई है। नियमों का उल्लंघन कर कम या अधिक किराया लेने वाले चालक पर यूनियन की ओर से 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
वर्जन
शहर की दोनों ऑटो यूनियनों ने किराये में बढ़ोतरी कर दी है, जोकि एक सितंबर से लागू होगा। नए किराया सूची में विद्यार्थियों के साथ-साथ दिव्यांग और दृष्टिहीन लोगों को भी राहत दी गई है।
-विजय दलाल, प्रदेशाध्यक्ष, ऑटो रिक्शा यूनियन हरियाणा