जींद। आठ वर्षों से चल रहा जींद-रोहतक हाईवे के निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद है। प्रशासन ने इसके लिए कमर कस ली है। डीसी की अगुवाई में प्रशासनिक अमला आज इसका दौरा करेगा। निर्माण एजेंसी के अधिकारी भी मौके पर बुलाए गए हैं। डीसी ने दावा किया है कि दीवाली तक इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल इसका निर्माण अंतिम चरण में है।
जींद से रोहतक की दूरी 154 कि मी है, लेकिन जगह जगह जाम की वजह से सफर पूरा करने में काफी अधिक समय लगता है। कभी कभी तो चार घंटे तक लग जाते हैं। बस से यात्रा करने पर अभी तक जींद से रोहतक आने जाने में सवा तीन घंटे का समय लग रहा है, लेकिन हाईवे का काम पूरा होने के बाद एक घंटे से ज्यादा समय की बचत होगी। जाम आदि न लगने पर दूरी दो घंटे रह जाएगी।
इस हाईवे का कितना काम बाकी है। इसे लेकर शुक्रवार को डीसी की अगुवाई में प्रशासनिक अमला हाईवे का निरीक्षण करेगा। हाईवे पर जहां भी काम अधूरा है। ये देखने के लिए प्रोजेक्ट अधिकारियों और कंपनी के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया जाएगा ताकि जो भी कमियां हों उन्हें तत्काल दूर करवाया जा सके।
गौरतलब है कि वर्ष 2012 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक-जींद-नरवाना से होते हुए पंजाब सीमा के दातासिंहवाला तक हाईवे नंबर 352 को नेशनल हाईवे बनाने की घोषणा की थी। कुल 510 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को तीन हिस्सों में बांटा गया था। अलग-अलग कंपनियों को काम दिया गया था। वर्ष 2014 में इस पर काम शुरू हुआ लेकिन तभी कोर्ट केस होने के चलते तीन साल तक काम रूका रहा। इसके बाद कोरोना वायरस इस प्रोजक्ट की राह में रोड़ा बन गया। कोरोना खत्म हुआ तो बढ़ते प्रदूषण के चलते एनजीटी ने कंस्ट्रक्शन कार्यों पर रोक लगा दी जिससे काम पर ब्रेक लग गए।
बॉक्स
तारीख बढ़ाने पर अधिकारियों को लगी थी फटकार
प्रशासन ने अगस्त 2022 इसका निर्माण पूरा होने का समय तय किया था, लेकि न बाद में अधिकारियों ने तारीख को आगे बढ़ा दिया गया। यह मामला जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में भी उठा था और तारीख बढ़ाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगी थी। तब भी अधिकारियों ने जल्द काम पूरा होने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद बरसात का सीजन शुरू हो गया। इसके चलते काम में देरी हुई। दो बार निर्माण सामग्री रखवाई गई, लेकिन बरसात होने के बाद काम अवरुद्ध हो गया।
वर्जन
जींद-रोहतक नेशनल हाईवे का काम दीवाली से पहले पूरा होने का अनुमान है। इसके बाद हाईवे के दोनों तरफ से आवागमन शुरू हो जाएगा। दिल्ली का सफर करने वालों को राहत मिलेगी। शुक्रवार को मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि कुछ कमी मिलती है तो उन्हें दूर करवाने के निर्देश दिए जाएंगे।
डॉ. मनोज कुमार, डीसी, जींद