गांव निडाना में मंगलवार दोपहर को गाड़ियों में सवार होकर आए युवकों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान युवकों ने घरों पर पथराव कर दिया। सूचना पाकर पुलिस राइडर मौके पर पहुंची तो हमलावर युवकों ने उन पर भी पथराव कर दिया। हमला होता देखकर ग्रामीण इकठ्ठा होकर घरों से बाहर निकल आए और युवकों का पीछा किया। इस दौरान कुछ युवक गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए, जबकि हमलावर युवक खेतों की तरफ फरार हो गए, लेकिन ग्रामीणों ने उनका पीछा करके पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई करके नौ युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में ग्रामीण एसएसपी राकेश कुमार आर्य से मिलने के लिए जींद पहुंचे और गांव में पुलिस पीसीआर तैनात करने की मांग की। इस पर एसएसपी ने गांव में पीसीआर तैनात करने का आश्वासन दिया। पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गांव निडाना निवासी राजेश कुमार की गांव कालवा निवासी मोनिका के साथ हुई थी। मोनिका तथा राजेश के बीच में घरेलू झगड़ा हो गया। इस दौरान मोनिका ने अपने मायका कालवा फोन कर दिया और गाड़ियों में सवार होकर लगभग 50 युवक हथियारों से लैस होकर निडाना पहुंच गए। जहां पर पहले तो हमलावरों ने राजेश के घर पर हमला किया, जब ग्रामीणों ने हथियारबंद युवकों का विरोध किया तो गलियों में पथराव करना शुरू कर दिया। इस दौरान गांव निडाना के पूर्व सरपंच भगत सिंह, रामफल, भीमा, सुनहेरा, अंगूरी को चोट आई। युवकों के उत्पात को देखते हुए ग्रामीण इकठ्ठा होकर घरों से बाहर निकल आए और युवकों का विरोध किया। ग्रामीणों के तेवरों को देखते हुए कुछ युवक गाड़ियों में सवार होकर फरार हो गए, लेकिन कुछ युवक खेतों में फसल में घुस गए। इस पर ग्रामीणों ने खेतों में उनका पीछा किया और ज्वार के खेतों में छुपे नौ युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया और ग्रामीणों ने उनकी जमकर धुनाई की। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए लोगों की पहचान गांव कालवा निवासी सतबीर, विकास, योगेश, गांव खरकगागर निवासी अमित, गांव गांगोली निवासी आशीष, नरवीर, मौन, गांव कासंडी निवसी परविंद्र, शिव कालोनी जींद निवासी विकस के रुप में हुई। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस राइडर पर भी किया पथराव
गांव में उत्पात को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत ही जुलाना थाना पुलिस को दे दी। जुलाना थाना पुलिस के दो पुलिस कर्मचारी बाइक पर सवार होकर आए तो उत्पात मचा रहे बदमाशों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस की बाइक से भी तोड़फोड़ की। बाद में जुलाना थाना पुलिस से पुलिस बल पहुंचा और आरोपियों को काबू किया।
परिवार को सुरक्षा की लगाई गुहार
हमला होने पर ग्रामीण इकठ्ठा होकर पुलिस लाइन में एसएसपी राकेश कुमार आर्य से मिले और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान राजेश के परिवार को सुरक्षा मुहैया करवाने और एक पीसीआर उनके घर के बाहर तैनात करने की मांग की। इस पर एसएसपी राकेश कुमार आर्य ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और परिवार को सुरक्षा दिलाई जाएगी।