जींद। रजाना कलां गांव में रविवार की रात रात एक घर में सात लोगों ने घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। घटना में बुजुर्ग महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मामले में गांव के ही सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
रजाना कलां गांव की 70 वर्षीय महिला भागली देवी ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 दिसंबर रात वह अपने परिवार सहित घर पर सोई हुई थी। रात करीब दस बजे उनके घर के मेन गेट पर लात मारने की आवाज सुनाई दी। इस पर वह उठी और आवाज लगाई तो बाहर खड़े व्यक्ति ने कहा कि वह मोहन उर्फ मोनू हलवाई है। इस पर उसने दरवाजा खोल दिया। दरवाजा खुलते ही मोनू हलवाई के साथ छह व्यक्ति और खड़े थे जो कि शराब के नशे में थे। उन सभी ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और उनके घर में घुसकर सोए हुए उसके पोते कुलदीप, दिनेश, उसके बेटे दिलबाग की पत्नी सुरेश के साथ मारपीट करने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए, जिन्हें देखकर मोनू हलवाई और उसके साथी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पड़ोसियों ने उसे तथा उसके पोते दिनेश और कुलदीप को सीएचसी कालवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे जींद नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया। उसने आरोप लगाया कि हमला करने में मोनू हलवाई के साथ गांव के ही नवीन, अजय, प्रदीप, शीलू, मंगल और सोनू थे जो कि उन्हें धमकी भी देकर गए हैं। जांच अधिकारी प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को नामजद कर उनके खिलाफ हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।