जींद। गोहाना रोड स्थित पिंडारा पुल के निकट कार और बाइक सवार युवकों ने गाड़ी चालक पर हमला कर घायल कर दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घायल चालक की शिकायत पर एक व्यक्ति को नामजद कर आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दनौदा खुर्द निवासी अमित ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक सीमेंट कंपनी की गाड़ी चलाता है। 11 अप्रैल को वह जींद से गोहाना रोड होते हुए सीमेंट की दुकान पर जा रहा था। जब वह पिंडारा पुल से नीचे उतरा तो उसके सामने एक स्विफ्ट कार रूकी और तभी बाइक पर तीन युवक आए। उन्होंने आते ही उस पर लोहे की पाइप तथा डंडों से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास लोगों की भीड़ एकत्रित होने पर हमलावर उसे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उसने आरोप लगाया कि यह हमला भ्याना खेड़ा निवासी आशु ने करवाया है। जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आशु को नामजद कर सात-आठ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।