जींद। मनोहरपुर गांव में 11 केवी के फीडर पर काम कर रहे बिजली निगम के एएलएम (सहायक लाइनमैन) की करंट लगने से मौत हो गई। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने जेई रमेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में भटनागर कॉलोनी निवासी प्रमोद ने बताया कि उनका भाई जयपाल बिजली निगम में कौशल रोजगार के तहत एएलएम था। उसके पास शुक्रवार सुबह जेई रमेश कुमार का फोन आया कि मनोहरपुर लाइन पर काम करना है। उनका भाई मनोहरपुर गांव में 11 किलोवाट के फीडर पर काम कर रहा था तो अचानक बिजली सप्लाई बहाल हो गई। इससे करंट की चपेट में आने से उनके भाई की मौत हो गई। प्रमोद ने आरोप लगाया कि जेई रमेश कुमार ने न तो बिजली बंद करवाई और न ही उनके भाई को काम करते समय बिजली बंद करने का परमिट दिया, जिसकी लापरवाही से उसके भाई की मौत हुई है। सदर थाना पुलिस ने जेई रमेश कुमार के खिलाफ कार्य में लापरवाही बरतकर दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।