जींद। प्रदेश में बालिका रग्बी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं का अनुभव देने के उद्देश्य से 24 और 25 अक्टूबर को जींद में अस्मिता रग्बी राज्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। आधारशिला पब्लिक स्कूल में होने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-15 और अंडर-18 आयु वर्ग की बालिका टीमें हिस्सा लेंगी।
जींद रग्बी संघ के अध्यक्ष सुरेश अहलावत ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को अधिक से अधिक प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराना है। इससे खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने और दूसरे जिलों की टीमों के साथ खेलकर अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। संघ के सचिव मुनीत बेरवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में लीग मुकाबलों के साथ नॉकआउट मैच भी करवाए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों व खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा। रग्बी हरियाणा के सचिव सुशील कुमार ने बताया कि संगठन के अध्यक्ष रणदीप सिंह जौहर ने खिलाड़ियों की सुविधाओं का ध्यान रखने और बेहतर मैदान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।