05जेएनडी13: सऊदी अरब में गोल करते हुए खिलाड़ी। स्रोत कोच
जींद। सऊदी अरब के रियाद में आयोजित एशियन लैक्रोस चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते कर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 12–7 से पराजित कर दमदार जीत दर्ज की।
शुरुआत से ही मुकाबला रोमांचक रहा लेकिन भारतीय टीम ने संतुलित खेल और मजबूत रणनीति से बढ़त बनाए रखी। आशीष गोयत ने दो अहम गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। साथ ही उनकी सशक्त डिफेंसिंग ने पाकिस्तान के कई आक्रमणों को विफल कर दिया।
महिला वर्ग में भारतीय बेटियों ने सऊदी अरब को 23–1 के बड़े अंतर से हराकर एकतरफा मुकाबला अपने नाम किया। मैच में खुशबू मलिक ने तीन शानदार गोल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
भारतीय महिला टीम ने तेज पासिंग, चुस्त डिफेंस और बेहतरीन टीम स्पिरिट का प्रदर्शन करते हुए पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा। हर गोल के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और मैदान भारत के समर्थन में गूंज उठा। अब फाइनल में महिला टीम का सामना पाकिस्तान से होगा जबकि पुरुष टीम खिताबी मुकाबले में इराक से भिड़ेगी।
दोनों टीमें इस जीत से उत्साहित हैं और उनका लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाना है। भारतीय टीमों के फाइनल में पहुंचने पर हरियाणा लैक्रोस संघ के प्रधान राजेश और प्रधान सोमनाथ सैनी ने खिलाड़ियों को बधाई दी और फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।