08जेएनडी10: जागरूकता रैली को रवाना करते हुए सिविल सर्जन डॉ. गोपाल गोयल। संवाद
जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा के मार्गदर्शन में जिले में चल रही स्वीप गतिविधियों के तहत सोमवार को नागरिक अस्पताल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. गोपाल गोयल ने की। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की आशा वर्करों ने लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए रैली निकाली। जागरूकता रैली को डॉ. गोपाल गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डॉ. गोपाल गोयल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायत के अनुसार लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करवाने के लिए स्वीप अभियान के तहत जिला में निरंतर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता 25 मई को होने वाले लोकसभा मतदान में भाग अवश्य लें। उन्होंने मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे अपनी वोट की कीमत को पहचाने और बिना किसी प्रलोभन के मतदान करें। उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने साथ अपने आसपास के लोगों को ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मतदान प्रणाली एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें सभी लोगों का समान रूप से भाग लेना अति आवश्यक है। इस दौरान मतदान करने को लेकर शपथ भी दिलाई।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रमेश पांचाल ने कहा कि ऐसे युवक-युवतियां जिनकी आयु 18 वर्ष हो चुकी है और अभी तक वोट नहीं बना है वे हर हाल में 26 अप्रैल तक अपना वोट बनवा लें। इसके लिए बीएलओ आपका पूरा सहयोग करेंगे। जिनका वोट बना हुआ है 25 मई को उनका वोट डलवाते हुए मतदान प्रतिशत को बढ़ाना है। उन्होंने निर्वाचन आयोग के जारी किए गए विभिन्न मोबाइल एप, दिव्यांगों के लिए सक्षम एप, नए वोट बनवाने के लिए मतदाता हेल्पलाइन एप, आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के समाधान के लिए सी-विजिल एप एवं टोल फ्री नंबर 1950 पर जाकर मतदान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
08जेएनडी10: जागरूकता रैली को रवाना करते हुए सिविल सर्जन डॉ. गोपाल गोयल। संवाद