फोटो 3 नरवाना। छात्रा रेणु को सम्मानित करते हुए विद्यालय प्रबंधन। स्रोत संस्थान।
नरवाना। आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा की ओर से संचालित आर्य कन्या महाविद्यालय की छात्रा रेणु ने नीट-यूजी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर छात्रा को स्मृति चिह्न व उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्या मीना गर्ग ने बताया कि रेणु ने नीट परीक्षा में 660 अंक हासिल किए हैं। उसे अखिल भारतीय स्तर पर 870वीं तथा कैटेगरी में 271वीं रैंक प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि रेणु का शुरू से ही डॉक्टर बनने का लक्ष्य था, जिसे उसने कठिन परिश्रम और लगन से हासिल किया। रेणु ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और महाविद्यालय की अध्यापिकाओं को देते हुए कहा कि उसका उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में जाकर जनसेवा करना है। आर्य समाज प्रधान चंद्रकांत आर्य ने कहा कि रेणु की उपलब्धि पूरे नरवाना के लिए गर्व की बात है। ऐसे मेधावी विद्यार्थी समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं। इस अवसर पर धर्मपाल आर्य, ललित आर्य, अभिभावक तथा महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।संवाद