जींद। हरियाणा कला परिषद रोहतक मंडल और सरस्वती कला मंच जुलाना जींद के संयुक्त तत्वावधान में पांडू पिंडारा में दो दिवसीय नायाब तीज उत्सव का शुभारंभ हुआ। जिला बाल कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं पांडू पिंडारा के सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप मलिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। प्रथम दिन हरियाणा कला परिषद रोहतक मंडल के कलाकारों ने अल्फाज हरियाणवी और दल ने लोक गीतों व रागनियों से समा बांध दिया। अल्फाज हरियाणवी की रागनी झूल घली सामण की, चालो चालो री सखी बाग में की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। मुख्य अतिथि विनोद कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार व सरस्वती कला मंच जुलाना की ओर से किया गया। यह कार्यक्रम नायाब तीज उत्सव हरियाणा के तीज त्योहारों और पुरानी विरासत को जिंदा रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए ताकि नई पीढ़ी को हमारी विरासत और संस्कृति का पता चल सके।