जाट आरक्षण आंदोलन की आग में उपद्रवियों द्वारा मचाए गए उत्पात में हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए मंगलवार को रेवेन्यू विभाग से टीम जुलाना पहुंची। टीम ने रेलवे स्टेशन, डाकखाना, मार्केट कमेटी, फायर ब्रिगेड कार्यालय, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में हुए नुकसान का आकलन किया। मंगलवार को जुलाना के मेन बाजार की सभी दुकानें खुली नजर आई।
जींद-रोहतक मार्ग पर भी आवागमन शुरू हो गया है। सोमवार को भी आवागमन शुरू हो गया था, लेकिन दोपहर बाद पौली गांव के पास से जेसीबी से किसी शरारती तत्व ने सड़क को उखाड़ दिया। मंगलवार को सड़क ठीक कर दी गई। अब धीरे-धीरे व्यवस्था पटरी पर लौट रही है।
आगजनी के तीन दिन बाद भी रेलवे स्टेशन पर लटका ताला
जुलाना रेलवे स्टेशन पर जाट आरक्षण आंदोलन की आग का असर तीन दिन बाद भी देखने को मिला। शनिवार को जाट आरक्षण की आग के चलते उपद्रवियों ने रेलवे स्टेशन में आग लगा दी थी, जिससे स्टेशन में पंखे, अलमारी, दरवाजे, खिड़कियां, वायरिंग, कंप्यूटर प्रिंटर, इलेक्ट्रानिक सामान जल गया। मंगलवार को कोई भी कर्मचारी स्टेशन पर नहीं पहुंचा, सभी कमरों पर ताला जड़ा हुआ था।
कमेटी कार्यालय में कर्मचारियों के बैठने के लिए नहीं कुर्सियां
आरक्षण की आग में मार्केट कमेटी में कार्यालय का सारा फर्नीचर जलकर राख हो गया। कार्यालय में रखा मंडी का रिकार्ड जल गया। इसके अलावा भवन परिसर को भी काफी नुकसान हुआ है। कार्यालय में रखे कंप्यूटर, अलमारी, दरवाजे, खिड़कियां, इत्यादि सामान आग के हवाले हो गया। परिसर की हालात के चलते कर्मचारियों को बाहर बैठने पर मजबूर होना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यालय में कुर्सी तक नहीं बची है।
बॉक्स
बीडीपीओ कार्यालय में भी हुआ काफी नुकसान
जुलाना कस्बे के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में जाट आरक्षण की आग के चलते उपद्रवियों ने आग लगा दी थी। कार्यालय में खड़ी कार, जीप और एक बाइक को आग के हवाले कर दिया था। आग से कार्यालय में रखा रिकार्ड जलकर राख हो गया और कंप्यूटर, फर्नीचर, और परिसर की बिल्डिंग को काफी नुकसान हुआ है। कार्यालय में एक भी कमरा बैठने की हालत में नहीं है। सभी कर्मचारी बाहर बैठे नजर आए।
क्षेत्र में सुरक्षा भगवान भरोसे
जुलाना फायर ब्रिगेड कार्यालय में खड़ी फायर ब्रिगेड की गाड़ी को उपद्रवियों ने आग लगा दी थी।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों का कहना है कि यह नई गाड़ी दो माह पहले आई थी। कस्बे में मात्र एक गाड़ी थी। गाड़ी जलने से कस्बे की आग से सुरक्षा अब भगवान भरोसे है।
सेना ने निकाला फ्लैग मार्च
जुलाना कस्बे और आसपास के गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाएं रखने की अपील की। सेना ने नए बस स्टैंड से होते हुए पुरानी अनाज मंडी और मेन बाजार में फ्लैग मार्च निकाला। इसके अलावा सेना ने कस्बे के गांव पौली, हथवाला, लजवाना, करसोला गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को शांति बनाए रखने के लिए अपील की।
पटरी पर लौटने लगी व्यवस्था
तहसीलदार दलीप सिंह खर्ब ने बताया कि आंदोलन के दौरान लगाई गई आग व तोड़फोड़ से जुलाना में काफी नुकसान हुआ है। नई बनी तहसील के भी शीशे तोड़े गए। मंगलवार को व्यवस्था पटरी पर आ गई है। जींद-रोहतक मार्ग से जाम हट चुका है।