पिल्लूखेड़ा मंडी मे एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए मदद के नाम पर व्यक्ति का एटीएम कार्ड का क्लोन तैयार कर 1.17 लाख रुपये निकालने के आरोपी हिसार जिले के खेड़ी जालब निवासी कुलदीप को पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में कालवा निवासी सुलेंद्र ने बताया कि वह एक मई को पिल्लूखेड़ा मंडी में सेंट्रल बैंक से पैसे निकलवाने के लिए गया था। इस दौरान वहां पर खड़े एक व्यक्ति ने उसकी पैसे निकालने में सहायता की थी। इसके बाद वह अपना एटीएम कार्ड लेकर घर आ गया। उसी दिन उसके खाते से कई बार में 1.17 लाख रुपये कट गए। इस मामले में पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी कर बैंक खाते से राशि निकालने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस जांच में एटीएम का क्लोन तैयार कर राशि निकालने के आरोप में खेड़ी जालब निवासी कुलदीप का नाम सामने आया। जिसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
फरार साथियों को पकड़ने के लिए टीम गठित
एटीएम का क्लोन तैयार कर लोगों को ठगने के इस गिरोह में शामिल अन्य तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। इनको पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर उनके ठिकानों पर छापा मार रही है। इन अन्य अपराधियों को पकड़कर अन्य मामलों के बारे में जांच करेगी।
पकड़े गए गिरोह के सदस्य ने कई प्रदेशों में ठगी के मामले कबूले
एटीएम क्लोन तैयार कर लोगों को ठगने के इस गिरोह के पकड़े खेड़ी जालब निवासी कुलदीप अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर, महाराष्ट्र, जबलपुर, बठिंडा व हरियाणा समेत कई राज्यों में इस तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। इनके खिलाफ जबलपुर में छह, महाराष्ट्र में छह तो बठिंडा में पांच मामले दर्ज हैं। इसके अलावा किन राज्यों व प्रदेश के किन जिलों में उन्होंने इस तरह की वारदात को अंजाम दिया है उनकी पुलिस जांच कर रही है।
एएसआई सुरेंद्र सिंह।