तीजींद। जुलाना क्षेत्र में एक रेडीमेड कपड़ों के शोरूम पर मामूली विवाद के बाद 15-16 हथियारबंद युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे सीआईए और एवीटी स्टाफ के साथ भी हाथापाई की। हमलावर मोबाइल और घड़ी भी छीनकर ले गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
शादीपुर निवासी प्रियव्रत ने एफआईआर में बताया कि वह जींद-रोहतक रोड पर बुढ़ाखेड़ा लाठर मोड़ के पास एक रेडीमेड कपड़ों का शोरूम चलाते हैं। तीन जून की शाम फरमाणा (रोहतक) निवासी राजेश (सेक्रेटरी) अपने एक साथी के साथ कपड़े बदलने के लिए शोरूम आया था। उन्होंने कपड़े बदल दिए लेकिन नए कपड़ों की कीमत अधिक होने पर अतिरिक्त पैसे मांगे जाने पर राजेश गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
रात करीब नौ बजे राजेश अपने भाई शीलू, सुधीर, अपने बेटे और लगभग दस अन्य लोगों के साथ तीन कारों में सवार होकर वापस आया। सभी आरोपी लाठी, डंडे और फरसे जैसे हथियारों से लैस थे। उन्होंने आते ही उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए आए उनके भाई विकास, प्रवीण और चाचा सुरेश को भी पीटा गया।
आरोपी शीलू ने विकास के सिर पर फरसे से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके हाथ में भी चोट आई। हंगामा बढ़ता देख पास ही मौजूद सीआईए और एवीटी स्टाफ के पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने पुलिस टीम के साथ भी हाथापाई की। वारदात के दौरान शिकायतकर्ता का आईफोन 17, घड़ी और एक पुलिसकर्मी का मोबाइल भी छीन लिया।
इसके बाद भीड़ और पुलिस बल के इकट्ठा होते देख हमलावर घबरा गए और अपनी दो गाड़ियां मौके पर छोड़कर एक कार से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में राजेश और अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।