10जेएनडी08: नगर परिषद कार्यालय। संवाद
जींद। पटियाला चौक क्षेत्र स्थित सरकारी स्कूल रामबीर सिंह कॉलोनी से सुंदर नगर होते हुए जुलानी माइनर तक सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस सड़क के निर्माण पर करीब 94.84 लाख रुपये की लागत आएगी। नगर परिषद की ओर से इसका टेंडर जारी कर दिया गया है तथा 19 मई को टेंडर की बिड खोली जाएगी।
यह सड़क शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बीच आवागमन का मुख्य मार्ग मानी जाती है। प्रतिदिन हजारों लोग इस मार्ग से गुजरते हैं। आसपास की कई कॉलोनियों के निवासी, विद्यार्थी, दुकानदार और ग्रामीण क्षेत्र से आने-जाने वाले लोग लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान थे।
सड़क जगह-जगह से टूटी हुई थी। इससे बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ की समस्या पैदा हो जाती थी। वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता था। क्षेत्र के लोगों ने इस समस्या को लेकर नगर परिषद चेयरपर्सन डॉ. अनुराधा सैनी से कई बार मांग उठाई थी।
क्षेत्रवासी राकेश, सुशील, रमेश, रामचरण का कहना है कि यह मार्ग शहर को आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। इसलिए इसका निर्माण बेहद जरूरी है। लोगों की मांग और क्षेत्र की आवश्यकता को देखते हुए नगर परिषद ने सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
नई सड़क बनने के बाद पटियाला चौक, रामबीर सिंह कॉलोनी, सुंदर नगर सहित आसपास की कई कॉलोनियों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र से शहर आने वाले लोगों का सफर भी सुगम होगा। सड़क बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा वाहन चालकों का समय भी बचेगा।
- डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद जींद।