संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां प्राप्त करने वाली महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्यस्तरीय महिला पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पात्र महिलाएं 26 दिसंबर तक आवेदन कर सकती हैं। यहा जानकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी सीमा रोहिल्ला दी।
उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के अंतर्गत चयनित महिला को एक लाख 50 हजार रुपये नकद व प्रशस्ति पत्र, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र, व बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए भी एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
वहीं, लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के तहत चयनित महिला को 51 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को आठ विभिन्न श्रेणियों में 21-21 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इन श्रेणियों में पहली श्रेणी में एएनएम, एमपीएचडब्ल्यू एवं नर्स, दूसरी श्रेणी में महिला खिलाड़ी, तीसरी श्रेणी में साक्षर महिला समूह सदस्य, चौथी श्रेणी में राजकीय कर्मचारी, पांचवीं श्रेणी में सामाजिक कार्यकर्ता, छठी श्रेणी में महिला उद्यमी, सातवीं श्रेणी में स्त्री शक्ति पुरस्कार, और आठवीं श्रेणी में आंगनबाड़ी कर्मी शामिल हैं।