जींद। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय खुंगा कोठी में सत्र 2026-27 में कक्षा छठी में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पत्र भरे जा रहे हैं। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 29 जुलाई है। अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय की वेबसाइट डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट नवोदय डॉट जीओवी डॉट इन पर सीधे जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की परीक्षा 13 दिसंबर को करवाई जाएगी। डीसी और पीएम श्री स्कूल जेएनवी के चेयरमैन मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि छठी कक्षा में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी जिला के सरकारी व सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत हो। केवल वही विद्यार्थी आवेदन कर सकता है जो जींद जिले का निवासी है। जो अभ्यार्थी पिछले सत्र में परीक्षा में भाग ले चुके हैं, ऐसे परीक्षार्थी दोबारा परीक्षा में भाग नहीं ले सकते। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिकारी जानकारी लेने के लिए पीएम श्री स्कूल खुंगा कोठी में हेल्प डेस्क बनाया गया है। सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर 4 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। संवाद